छत्तीसगढ़रायपुर

बस्तर प्रदर्शन को लेकर अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर हमला, बोले- अब सिर्फ राजनीति हो रही

रायपुर (विश्व परिवार)। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे और जगदलपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बाढ़ के दौरान सुखदेव भगत बस्तर नहीं आए, लेकिन अब जब हालात सामान्य हो चुके हैं और व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, तब राजनीति करने पहुंच रहे हैं।
बाढ़ के समय सरकार ने की पूरी व्यवस्था- अजय चंद्राकर
अजय चंद्राकर ने कहा कि बाढ़ के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तत्काल बस्तर पहुंचे थे और प्रभावित लोगों से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सरकार की ओर से की गई हैं। अब जो कुछ हो रहा है, वह राजनीति है।
झारखंड में सरकार क्यों नहीं बनी, पहले यह देखें
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत पर निशाना साधते हुए अजय चंद्राकर ने झारखंड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सुखदेव भगत को पहले यह तलाशना चाहिए कि झारखंड में सरकार क्यों नहीं बनी और इसके पीछे क्या कारण रहे।
कोल घोटाले की चार्जशीट पर भी प्रतिक्रिया
ACB-EOW की ओर से कथित कोल घोटाले में कांग्रेस नेताओं समेत 12 लोगों के खिलाफ चालान पेश किए जाने पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी ने अपनी जांच की है और अब यह मामला न्यायालय के समक्ष है।
अजय चंद्राकर ने कहा कि जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, वे कांग्रेस के बड़े नाम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने सारी सीमाएं लांघ दी थीं और उनकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जांच एजेंसी के पास है।
चिंतामणि महाराज का नाम हटाने के आरोप पर पलटवार
कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव द्वारा जांच के दौरान चिंतामणि महाराज का नाम हटाए जाने के आरोप पर भी अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को पता है कि किसका नाम है और किसका नहीं।
उन्होंने कहा कि यदि देवेंद्र यादव को लगता है कि जांच के दौरान किसी का नाम हटाया गया है, तो उन्हें इसकी जानकारी अदालत के समक्ष रखनी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts