रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक आवारा सांड के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई है। सांड ने अलग-अलग जगहों पर करीब 15 लोगों पर हमला किया है। हमले में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल समेत कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
सांड के हमले का एक CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बच्चे को गोद में लिए एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता नजर आ रहा है। सांड के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल को भी चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से सांड को किया बेहोश
लगातार हमलों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांड को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। टीम ने ट्रैंक्विलाइजर डार्ट का इस्तेमाल कर सांड को बेहोश किया, जिसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया। घटना के बाद गौ सेवकों ने सांड के रेबीज से संक्रमित होने की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने जताई चिंता
घटना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी चिंता जताई है। उन्होंने राजधानी में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सरकार और नगर प्रशासन पर सवाल उठाए। विकास उपाध्याय ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से आवारा पशुओं के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।







