रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर नगर निगम क्षेत्र के गौठान संचालकों ने नगर निगम कमिश्नर सबिंत मिश्रा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गौठानों के संचालन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। फुंडहर गौठान संचालकों की ओर से आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में संचालकों ने गौठानों की मौजूदा स्थिति और गौ माता की दुर्दशा को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखीं।
गौठान संचालकों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से गौठानों में समय पर चारा और पानी की व्यवस्था नहीं की जा रही है। वहीं, गौठान संचालन से जुड़े संचालकों का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। संचालकों के मुताबिक, पिछले करीब छह महीने से इस संबंध में लिखित आवेदन देकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
संचालकों ने कहा कि गौठानों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं और कचरा व पॉलिथीन खाने की स्थिति बन रही है। उन्होंने इसे गौवंश के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
पांच प्रमुख मांगें
गौठान संचालकों ने प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें बंद पड़े गौठानों को तत्काल शुरू करना, गौ माता के लिए चारा-पानी की स्थायी व्यवस्था करना और गौठान संचालकों के लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण शामिल है। इसके अलावा उन्होंने नगर निगम कमिश्नर से गौठानों की वास्तविक स्थिति पर जवाब देने की मांग की है।
संचालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे गौठानों में ताला लगाकर उनकी चाबी नगर निगम कमिश्नर को सौंप देंगे। संचालकों ने पत्रकारों से अपील की कि वे इस मुद्दे को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करें।







