छत्तीसगढ़रायपुर

नवरात्रि में महामाया मंदिर पहुंच मार्ग का महापौर मीनल चौबे ने किया औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। आज नवरात्रि के दूसरे दिन नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने राजधानी शहर रायपुर के प्राचीन सुप्रसिद्ध महामाया मन्दिर पहुंचमार्ग की नवरात्रि पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया. महापौर ने नवरात्रि पर्व के सभी नौ दिनों तक मन्दिर के आसपास और पहुंचमार्ग में विशेष सफाई अभियान चलाकर अच्छी सफाई व्यवस्था सतत मॉनिटरिंग करते हुए बनाये रखा जाना प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करवाने सम्बंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया, ताकि नवरात्रि पर्व में प्रतिदिन आदिशक्ति देवी माता महामाया के दर्शन और पूजन हेतु आने वाले हजारों भक्तजनों को वहाँ निरन्तर अच्छी सफाई व्यवस्था उपलब्ध करवाई जा सके।
महापौर मीनल चौबे ने महामाया मन्दिर पहुंचमार्ग में शीतला मन्दिर से महामाया मन्दिर तक सड़क पर लगाए जाने वाले बाजार की व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया. महापौर ने निरीक्षण के दौरान मन्दिर पहुंचमार्ग पर सड़क पर निर्धारित सफेद मार्किंग के बाहर सामान रखकर सब्जी, फल, फूल एवं अन्य व्यवसाय कर रहे व्यापारियों को सफेद मार्किंग के भीतर सामान रखकर व्यवसाय करने की समझाइश दी, अन्यथा की स्थिति में सफेद मार्किंग से बाहर सामान रखकर व्यवसाय करने और इससे महामाया मन्दिर पहुंचमार्ग का यातायात नवरात्रि पर्व में बाधित होने पर सम्बंधित व्यवसायियों पर अभियान चलाकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश टीम प्रहरी को महापौर द्वारा जनहित में पर्व अवधि में जनसुविधा हेतु यातायात सुगम और सुव्यवस्थित बनाये रखने की दृष्टि से दिए गए है।
महापौर मीनल चौबे द्वारा किये गए औचक निरीक्षण के दौरान महामाया मन्दिर पहुंचमार्ग में रायपुर नगर निगम जोन 6 जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, वार्ड पार्षद जयश्री नायक सहित नगर निगम जोन 5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, जोन 6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी रवि लावनिया, जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमलाल देवांगन, आत्मानंद साहू, उपअभियंता टिकेन्द्र चंद्राकर, अंकुर अग्रवाल सहित टीम प्रहरी की उपस्थिति रही।
महापौर मीनल चौबे ने नवरात्रि पर्व के दूसरे दिन सफाई व्यवस्था के औचक निरीक्षण के दौरान सुप्रसिद्ध महामाया और शीतला माता मन्दिर में पहुंचकर आदिशक्ति देवी माता के शुभ दर्शन कर उनसे सभी नगरवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य, शान्ति प्रदान करने उनके दिव्य श्रीचरणों में विनम्र प्रार्थना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts