बिरगांव (विश्व परिवार)। दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए बिरगांव नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। लोक निर्माण विभाग के प्रभारी इकराम अहमद ने बताया कि इसी क्रम में आज महापौर नंदलाल देवांगन ने स्वास्थ्य विभाग एवं निगम आयुक्त, विभागीय प्रभारी ओमप्रकाश साहू तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बंजारी मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित एवं बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थापित दुर्गा पंडालों के आसपास प्रतिदिन विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इकराम अहमद ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में कचरा जमा न हो, इसके लिए निगम की सफाई टीमों को नियमित निगरानी एवं सफाई के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है। आवश्यकता के अनुसार कचरा उठाव एवं अन्य स्वच्छता व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इस दौरान शहर में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निगम प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने देने तथा नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।







