छत्तीसगढ़रायपुर

सूरजपुर जिला अस्पताल में 73 वर्षीय महिला की जटिल कूल्हे की सर्जरी सफल, स्थानीय स्तर पर मिला बेहतर इलाज

रायपुर (विश्व परिवार)। जिला अस्पताल सूरजपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयास से 73 वर्षीय महिला की जटिल कूल्हे की सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह उपलब्धि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओड़गी निवासी 73 वर्षीय श्रीमती राजकुमारी, बढ़ती उम्र के कारण दोनों कूल्हों के खराब होने की समस्या से पीड़ित थीं। उपचार के लिए वे जिला अस्पताल सूरजपुर के हड्डी रोग विभाग पहुंचीं, जहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू द्वारा उनकी प्रारंभिक जाँच एवं एक्स-रे कराया गया। जाँच में दोनों कूल्हों के खराब होने की पुष्टि हुई। साथ ही, उनके शरीर में खून की कमी भी पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा उचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के लिए तत्काल पहल की गयी। मरीज की स्थिति को देखते हुए उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। वार्ड के नर्सिंग स्टाफ ने चिकित्सकों के निर्देशानुसार उनका उपचार किया। स्वास्थ्य में सुधार होने तथा ऑपरेशन के लिए उपयुक्त स्थिति बनने के बाद निश्चेतना विभाग द्वारा आवश्यक जांच की गई और सर्जरी की तिथि निर्धारित की गई।
निर्धारित तिथि पर ऑपरेशन की आवश्यक तैयारियां पूरी की गईं। डॉ. अजय साहू ने बताया कि यह मामला काफी जटिल था, लेकिन पूरी टीम के समन्वय एवं सहयोग से सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की जा सकी। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर 2026 को भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन के सहयोग से सूरजपुर निवासी 60 वर्षीय श्री राजकुमार का सफल ऑपरेशन किया गया था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने कहा कि कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशानुसार जिला अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल की व्यवस्थाओं का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाता है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी बेहतर उपचार मिल सके और उन्हें इलाज के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। हमारा प्रयास है कि जिले के मरीजों को अधिक से अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकें।
’जिला अस्पताल में उपलब्ध हो रहीं बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ’
जिला अस्पताल सूरजपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, निश्चेतना विभाग एवं ऑपरेशन थिएटर टीम के संयुक्त प्रयासों से जटिल मामलों में भी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे जिले के मरीजों को अपने ही जिले में उपचार प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है और बड़े ऑपरेशन के लिए दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता कम करने में मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के मरीजों को अपने ही जिले में बेहतर उपचार का लाभ मिल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts