कोरबा (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में SECL कॉलोनी स्थित एक सूने क्वार्टर को चोरों ने निशाना बनाया है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बंगला नंबर D-03 का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 4 से 5 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह वारदात SECL के एक रिटायर्ड कर्मचारी के क्वार्टर में हुई है। मकान मालिक पिछले करीब चार महीने से बिलासपुर में रह रहे हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया और ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद अलमारी में रखे सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गए।
झाड़ू-पोंछा करने वाली महिला के बेटे को लेकर भी जांच
बताया जा रहा है कि क्वार्टर में झाड़ू-पोंछा करने वाली महिला का बेटा रूपेन्द्र पिछले 11 दिनों से सो रहा था। हालांकि, वारदात वाली रात वह क्वार्टर में नहीं सोया था। पुलिस इस घटनाक्रम सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सुबह पहुंची महिला तो टूटा मिला ताला
अगली सुबह जब झाड़ू-पोंछा करने वाली महिला क्वार्टर पहुंची तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली थी और कपड़े व सामान बिखरे पड़े थे। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई और पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले में मानिकपुर चौकी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, संदिग्धों से पूछताछ कर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







