- कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने किया उद्घाटन, किसानों को प्राकृतिक खेती का मिलेगा प्रशिक्षण
रायपुर (विश्व परिवार)। पंडरी के महालक्ष्मी मार्केट व्यवसायिक परिसर में रविवार को मनोहर गौशाला के रायपुर मुख्य कार्यालय और जैविक कृषि प्रोत्साहन प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन हुआ। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अनुसंधान निदेशक डॉ. विवेक त्रिपाठी सहित वैज्ञानिक और समाज के लोग मौजूद रहे। केंद्र में किसानों को गौ-आधारित खेती और प्राकृतिक उत्पादों की जानकारी दी जाएगी।
खैरागढ़ स्थित मनोहर गौशाला के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी डॉ. अखिल जैन ने बताया कि व्यवसाय केवल कमाई का जरिया नहीं, बल्कि समाजसेवा का माध्यम भी बन सकता है। इसी सोच के साथ केंद्र शुरू किया गया है। यहां किसानों के साथ युवाओं और व्यापारियों को भी जैविक खेती, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाएगा।
गौमूत्र और गोबर से तैयार उत्पादों की देंगे जानकारी
डॉ. जैन ने बताया कि खैरागढ़ की मनोहर गौशाला में गौमूत्र, नीम और प्राकृतिक वनस्पतियों से ‘फसल अमृत’ तथा गोबर और गौमूत्र से ‘मनोहर ऑर्गेनिक गोल्ड’ जैसे उत्पादों पर काम हो रहा है। केंद्र में किसानों को इन प्राकृतिक विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से जुड़े अनुसंधान कार्यों को भी महत्व दिया जाएगा। केंद्र महालक्ष्मी मार्केट में मनोहरा साड़ी के ऊपर प्रथम तल पर दुकान नंबर 2 में शुरू हुआ है। यहां मिट्टी की सेहत सुधारने, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए जागरूकता गतिविधियां भी होंगी।







