छत्तीसगढ़बलौदा बाजार

औद्योगिक प्रयोजन के लिए जमीन सर्वे पर बवाल, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बलौदाबाजार (विश्व परिवार)। बलौदाबाजार जिले में बढ़ते औद्योगिक प्रतिष्ठानों का ग्रामीणों ने विरोध करना प्रारंभ कर दिया है। भाटापारा विकासखंड के ग्राम धौराभाठा एवं सेम्हराडीह के ग्रामीण आज सैकड़ों की संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और शासन द्वारा कराए जा रहे सर्वे का विरोध करते हुए यहां लगने वाले औद्योगिक कारखाने का विरोध किया।
औद्योगिक प्रयोजन के लिए सर्वे की बात सामने आने पर भड़के ग्रामीण
वहीं प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को गुमराह करने का भी प्रयास किया गया, जिसमें अधिकारी द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि सर्वे हुआ है, पर अभी उद्योग लगने की बात सामने नहीं आई है। यहां गौर करने वाली बात यह रही कि जो आवेदन ग्रामीणों के हाथ लगा है, उसमें स्पष्ट रूप से औद्योगिक प्रयोजन के लिए सर्वे करने लिखा हुआ है। फिलहाल, ग्रामीणों ने आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध स्वरूप ज्ञापन दिया है और उद्योग लगने का विरोध किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम धौराभाठा एवं सेम्हराडीह में पटवारी व राजस्व निरीक्षक द्वारा सर्वे किया जा रहा था। पूछने पर गुमराह किया गया और जब ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध किया, तब बताया गया कि औद्योगिक प्रयोजन के लिए सर्वे किया जा रहा है, जिसका हम सब एकजुट होकर विरोध करेंगे और यहां किसी भी सूरत में उद्योग नहीं लगने दिया जाएगा।
अभी नहीं मिली सर्वे की रिपोर्ट, कार्यवाही की देंगे जानकारी – अपर कलेक्टर
इस मामले में अपर कलेक्टर निशा मंडावी ने बताया कि आज ग्राम धौराभाठा एवं सेम्हराडीह के ग्रामीण आवेदन दिए हैं अभी एसडीएम भाटापारा द्वारा शासकीय जमीन का सर्वे कराया गया है पर जिला कार्यालय को रिपोर्ट नहीं मिली है। फिलहाल हमने ग्रामीणों का आवेदन लिया है और आगे जो भी कार्यवाही होगी ग्रामीणों को सूचित किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts