दिल्लीदेश

हम एक ऐसी दिल्ली बनाना चाहते हैं, जहां घर सुंदर हों, पानी शुद्ध हो, गलियां साफ हों, कूड़े के पहाड़ न हों और यमुना जी निर्मल होकर बहे : अमित शाह

दिल्ली (विश्व परिवार)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को दिल्ली में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी ₹8,941 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में शामिल हुए। इस दौरान, अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि आज यहां यमुना शुद्धिकरण के लिए लगभग 9 हज़ार करोड़ रूपए की महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिल्ली में हमारी पार्टी की सरकार बनते ही एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना जी को शुद्ध करने की अपनी संकल्पना दिल्ली सरकार और देश के गृह मंत्रालय के सामने रखी थी। इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से अधिक सफलता प्राप्त कर ली है।
अमित शाह ने कहा कि 30 साल से पिछली सरकारों ने दिल्ली के गटर के पानी को यमुना में छोड़ने और हर रोज़ डेयरियों का 2000 टन गोबर यमुना जी में डालने का काम किया। एक ज़माने में उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल के सहयोगी दलों की सरकारें थी और हरियाणा के औद्योगिक कचने वाला पानी और उत्तर प्रदेश से भी गंदा पानी यमुना जी में आता था। उन्होंने कहा कि आज केन्द्र, दिल्ली, हरियाणा औऱ उत्तर प्रदेश में हमारी ही पार्टी की सरकारें हैं। इन चारों राज्यों की हमारी सरकारों ने मिलकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के लिए समयबद्ध रोडमैप बनाए हैं जिसके माध्यम से हम 2029 तक यमुना जी को निर्मल बना देंगे।
अमित शाह ने कहा कि हम एक ऐसी दिल्ली बनाना चाहते हैं, जहां घर सुंदर हों, पानी शुद्ध हो, गलियां साफ हों, कूड़े के पहाड़ न हों और यमुना जी निर्मल होकर यहां से संगम तक की जनता को अपना आशीर्वाद दे सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने इस काम को एक अडिग संकल्प के रूप में लिया है और आज इस संकल्प के एक बहुत बड़े भाग की पूर्ति हो रही है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज यहां 10 योजनाओं का लोकार्पण हुआ और 33 योजनाओं की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि 8,941 करोड़ रुपए की कुल लागत से शुरू हुई योजनाओं के माध्यम से कई लाख लीटर पानी शुद्ध होकर यमुना जी में जाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के कई इलाकों से जुड़ी परियोजनाओं का आज यहाँ लोकार्पण हुआ है और STP के उन्नयन और नए STP लगाने का काम का भूमिपूजन भी हुआ है। आज यहां decentralized STP pumping station भी बना है और सीवर लाइनों को घरों से जोड़ने का काम भी शुरू हुआ है। हम सीवर रिहैबिलिटेशन, टैपिंग और जल निकासी को आगे बढ़ा रहे हैं। गृह मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मई, 2029 से पहले हम यमुना जी को शुद्ध कर देंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts