रायपुर (विश्व परिवार)। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आज रायपुर रेलवे स्टेशन से बाबा बैजनाथ धाम (बाबा धाम) के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन को माननीय कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा जी के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर तीर्थयात्रियों से आत्मीय मुलाकात कर सभी को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस तीर्थ यात्रा के लिए रायपुर जिले के चार क्षेत्रों धरसींवा, तिल्दा, अभनपुर एवं आरंग से 95-95 श्रद्धालुओं सहित कुल 380 तीर्थयात्री बाबा बैजनाथ धाम के दर्शन हेतु रवाना हुए। अपने आराध्य के दर्शन की अभिलाषा लिए श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह, उमंग और अपार प्रसन्नता देखने को मिली।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि प्रदेश के बुजुर्गों, वरिष्ठजनों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की आस्था एवं श्रद्धा को सम्मान देने का संवेदनशील प्रयास है। समाज में ऐसे अनेक बुजुर्ग और जरूरतमंद परिवार हैं, जिनके मन में जीवन में एक बार तीर्थस्थलों के दर्शन करने की अभिलाषा रहती है, लेकिन आर्थिक परिस्थितियां उनके मार्ग में बाधा बनती हैं। ऐसे में यह योजना उनके सपनों को साकार करने का माध्यम बन रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे और हर जरूरतमंद की आकांक्षाओं को सम्मान मिले। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना इसी भावना को चरितार्थ करते हुए बुजुर्गों की आस्था, परिवारों की भावनाओं और सनातन संस्कृति की परंपराओं को जोड़ने का कार्य कर रही है।
अंत में उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए बाबा बैजनाथ धाम से प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की।
हर बुजुर्ग की आस्था का सम्मान, हर जरूरतमंद के तीर्थ का सपना साकार – यही जनकल्याणकारी शासन की संवेदनशील पहचान है।







