छत्तीसगढ़रायपुर

महादेव सट्टा एप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ओमान से भारत लाया गया, आज रायपुर कोर्ट में होगी पेशी

रायपुर (विश्व परिवार)। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप (Mahadev Satta App) मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और महादेव एप सिंडिकेट के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। CBI की विशेष टीम उसे ओमान से भारत लेकर पहुंची है। अब उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा। CBI के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर दो CBI मामलों में वांछित है, जिनमें आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की गई है।
ओमान पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर पकड़ा
CBI की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके आधार पर उसे ओमान में तलाश कर रॉयल ओमान पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद CBI और ED ने उसके खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा।
भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो और ओमान के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। अनुमति मिलने के बाद CBI की एक विशेष टीम मस्कट पहुंची और सौरभ चंद्राकर को भारत लेकर आई।
विदेश से चल रहा था करोड़ों का अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट
CBI ने छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक था, जिसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था।
इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश के खेल और अन्य आयोजनों पर अवैध सट्टेबाजी कराई जाती थी। इसके लिए देशभर में फ्रेंचाइजी आधारित पैनल और शाखाओं का नेटवर्क बनाया गया था। इनके माध्यम से लोगों को जोड़ा जाता था और उनसे सट्टे की रकम वसूली जाती थी।
हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी रकम
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अवैध सट्टेबाजी से अर्जित रकम को बड़ी संख्या में म्यूल बैंक खातों के जरिए अलग-अलग लेनदेन में घुमाया जाता था। इसके बाद हवाला चैनलों के माध्यम से रकम विदेश भेजी जाती थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, सिंडिकेट को बिना किसी बाधा के संचालित करने के लिए अवैध कमाई का एक हिस्सा सरकारी कर्मचारियों को संरक्षण राशि के रूप में भी दिया जाता था।
CBI ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988, भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत आरोपपत्र दाखिल किए हैं। सौरभ चंद्राकर इन आरोपपत्रों में नामजद प्रमुख आरोपियों में शामिल है। वहीं, ED ने भारत और विदेशों में उसकी कई संपत्तियां अटैच की हैं।
ट्रांजिट रिमांड के बाद सौरभ चंद्राकर को लाया जाएगा रायपुर
CBI के अनुसार, भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे रायपुर लाया जाएगा। उसे 2 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा।
CBI ने इस प्रत्यर्पण प्रक्रिया में सहयोग के लिए ओमान सरकार और रॉयल ओमान पुलिस का आभार जताया है। एजेंसी ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित संगठित अपराध के खिलाफ भारत की कार्रवाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts