छत्तीसगढ़रायपुर

मैट्स यूनिवर्सिटी ने मनाया 21वां स्थापना दिवस, कुलाधिपति गजराज पगारिया बोले- गुणवत्ता और विश्वस्तरीय शिक्षा हमारा लक्ष्य

रायपुर (विश्व परिवार)। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन आयोग (NAAC) से ए प्लस ग्रेड प्राप्त मैट्स यूनिवर्सिटी, रायपुर ने 3 नवंबर 2026, मंगलवार को अपना 21वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव सहित कर्मठ प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया।

21वें स्थापना दिवस का आयोजन पंडरी स्थित मैट्स टॉवर के इंपैक्ट सेंटर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।

इस अवसर पर मैट्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति गजराज पगारिया ने कहा कि मैट्स यूनिवर्सिटी सिर्फ एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहां कार्यरत प्राध्यापकों से लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी सभी मिलकर प्रदेश एवं देश में उच्च शिक्षा के विकास के लिए निरंतर परिश्रम करते हैं।

उन्होंने कहा कि मैट्स विश्वविद्यालय वर्ष 2006 में छत्तीसगढ़ राज्य में स्थापित होने वाला प्रथम निजी विश्वविद्यालय है। वर्तमान में इसे राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन आयोग से ए प्लस ग्रेड प्राप्त है, जो गौरव का विषय है। हमारा उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण और विश्वस्तरीय उच्च शिक्षा प्रदान कर विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है।

पगारिया ने कहा कि विश्वविद्यालय में अच्छा वातावरण सभी के सहयोग से बना है। हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि हम छत्तीसगढ़ में नंबर वन हैं और इसका श्रेय विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को जाता है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी यादव ने कहा कि मैट्स विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ में अग्रणी रहा है और आगे भी अग्रणी रहेगा। हम सदैव समय के साथ चलते रहे हैं और आगे भी चलते रहेंगे। बल्कि समय से आगे चलना आवश्यक है। वर्तमान में विश्वविद्यालय को ए प्लस ग्रेड प्राप्त है और भविष्य में ए प्लस प्लस ग्रेड हासिल करने का हमें पूरा विश्वास है।

इसके पूर्व कुलसचिव गोकुलानंदा पंडा ने बीते बीस वर्षों में मैट्स विश्वविद्यालय की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी के प्रयासों से विश्वविद्यालय ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कुलाधिपति गजराज पगारिया और महानिदेशक प्रियेश पगारिया के कुशल नेतृत्व की सराहना की।

इस दौरान लेखा विभाग के प्रमुख सौरभ सोनी सहित सभी संकायों के विभाग प्रमुखों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव गोकुलानंदा पंडा सहित लेखा विभाग प्रमुख सौरभ सोनी, डॉ. वीपी रॉय, वाय कृष्णा राव, डॉ. आशीष झा, परमिंदर कौर, डॉ. प्रशांत मुंडेजा, विकास निर्मलकर और दीप्तांशु शर्मा का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts