गरियाबंदछत्तीसगढ़

गरियाबंद में 8 लाख के स्कूल भवन निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, 80% स्लैब ढलाई के बाद खुली पोल; ठेकेदार पर धमकाने का आरोप

गरियाबंद (विश्व परिवार)। जिले के उरमाल ग्राम पंचायत में समग्र शिक्षा मद से निर्माणाधीन प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष भवन में निर्माण कार्य के दौरान गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। करीब 8 लाख रुपये की लागत से बन रहे भवन में शुरू से ही निर्माण मापदंडों की अनदेखी किए जाने का आरोप है। शुक्रवार को स्लैब की ढलाई के दौरान सेंट्रिंग और अन्य तकनीकी खामियों को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। वहीं, निर्माण एजेंसी पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ दबंगई करने का भी आरोप लगाया गया है।
सरपंच के निरीक्षण में सामने आई गड़बड़ी
प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष में स्लैब ढलाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान निर्माण कार्य में अनियमितता की सूचना मिलने पर ग्राम सरपंच खगेश्वर ध्रुव पंचायत पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कई खामियां सामने आईं।
सरपंच ने मामले की जानकारी आरईएस (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा) के तकनीकी सहायक को दी। निर्माण कार्य आरईएस की निगरानी में कराया जा रहा था। हालांकि, मैनपुर मुख्यालय से तकनीकी सहायक के मौके पर पहुंचने से पहले ही निर्माण एजेंसी द्वारा स्लैब की करीब 80 फीसदी ढलाई की जा चुकी थी।
शुरुआती जांच में मिली तकनीकी खामियां
मौके पर पहुंचे आरईएस के तकनीकी सहायक तामेश्वर साहू ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में कई तकनीकी खामियां सामने आई हैं।
तकनीकी सहायक के अनुसार, निर्धारित मापदंडों के मुताबिक बीम का निर्माण नहीं किया गया। 9 सेंटीमीटर के स्थान पर 20 सेंटीमीटर का निर्माण किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, स्लैब की निर्धारित 4 सेंटीमीटर ढलान भी नहीं मिली। इसके अलावा छड़ को तय मापदंडों के अनुसार नहीं बांधा गया था। सेंट्रिंग में भी भारी अनियमितता पाई गई।
तकनीकी सहायक ने निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि साइट इंचार्ज ने काम बंद नहीं किया। उल्टे पंचायत प्रतिनिधियों के सामने धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया गया। मौके पर उपयंत्री द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पंचनामा भी तैयार किया गया है।
तकनीकी सहायक तामेश्वर साहू ने बताया कि मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए गए मटेरियल की जांच की जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर भुगतान रोकने के लिए भी कहा जाएगा।
ठेकेदार पर सरपंच को धमकाने का आरोप
ग्राम सरपंच खगेश्वर ध्रुव ने बताया कि निर्माण कार्य में गड़बड़ी को लेकर जब निर्माण एजेंसी यूनाइटेड ट्रेड्स के प्रोपराइटर सफदर हुसैन को फोन किया गया, तो उन्होंने गलती स्वीकार कर निर्माण कार्य रोकने और सुधार करने के बजाय कथित तौर पर पंचायत प्रतिनिधियों को ही जवाब दिया।
सरपंच के मुताबिक, ठेकेदार ने कहा कि पंचायतों में किस तरह काम होता है, उन्हें अच्छी तरह पता है। उन्हें अपनी मर्जी से काम करने दिया जाए। जो होगा, अधिकारी संभाल लेंगे। पंचायत प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य में दखल देने की जरूरत नहीं है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts