छत्तीसगढ़रायपुर

चंडीगढ़ के ताज होटल में रायपुर के कारोबारी दीपक मित्तल की संदिग्ध मौत, कमरे में मिली शराब और दवाइयां

चंडीगढ़/रायपुर (विश्व परिवार)। चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित पांच सितारा ताज होटल में छत्तीसगढ़ के एक बड़े कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुर निवासी 56 वर्षीय दीपक मित्तल के रूप में हुई है। वह राइस मिल के मालिक थे और मार्कफेड की एक बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ आए थे। होटल के कमरे में उनका शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में रात के समय कारोबारी के कमरे में पहुंची एक युवती से भी पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दीपक मित्तल करीब दो दिन पहले चंडीगढ़ पहुंचे थे और सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में ठहरे हुए थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे होटल का एक वेटर उनके कमरे में पहुंचा। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर दीपक बिस्तर पर बेसुध अवस्था में मिले।
वेटर ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन जब उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो होटल प्रबंधन को सूचना दी गई। इसके बाद होटल कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
रात में कमरे में आई थी युवती, पुलिस कर रही पूछताछ
मामले में एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि रात के समय एक युवती दीपक मित्तल के होटल वाले कमरे में आई थी। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की है। जांच अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि युवती किस सिलसिले में होटल पहुंची थी और कारोबारी की मौत से पहले कमरे में क्या घटनाक्रम हुआ था।
हालांकि, अभी तक युवती की भूमिका को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
कमरे से शराब की बोतलें और दवाइयां मिलने की जानकारी
पुलिस की शुरुआती जांच में होटल के कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में अत्यधिक शराब के सेवन और नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कारोबारी की मौत वास्तव में किस वजह से हुई।
पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मार्कफेड की बैठक में शामिल होने आए थे चंडीगढ़
बताया जा रहा है कि दीपक मित्तल का चावल मिल का कारोबार था। वह मार्कफेड की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ आए थे। रिपोर्टों के अनुसार, उनका पंजाब सरकार की राशन किट से जुड़े बड़े ठेकों के कारोबार से भी संबंध था। वह अपने ड्राइवर के साथ होटल पहुंचे थे और पिछले करीब दो दिनों से वहीं ठहरे हुए थे।
होटल प्रबंधन ने जांच में सहयोग का दिया भरोसा
घटना के बाद ताज होटल प्रबंधन की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। होटल के प्रवक्ता ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं मृतक के परिवार के साथ हैं। होटल प्रबंधन परिवार की मदद कर रहा है और जांच में संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है।
फिलहाल कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। कारोबारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, कमरे में मिली शराब और दवाइयों का घटना से क्या संबंध है और रात में पहुंची युवती से पूछताछ में क्या सामने आता है—इन सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
चावल के कारोबार से जुड़े थे दीपक मित्तल
मित्तल बहुत बड़े राशन कारोबारी थे. उनका पुराना विधानसभा के पास ग्राम सकरी में राइस मिल है. छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में चावल, शक्कर, गुड़ की सरकारी सप्लाई का काम था. रिपोर्टों में पंजाब सरकार की राशन किट आपूर्ति के ठेकों से जुड़े होने की भी जानकारी भी सामने आई है।
परिजन चार्टर प्लेन से हुए रवाना
जानकारी के अनुसार, दीपक मित्तल की मौत की खबर सुनकर स्तब्ध परिजन आनन-फानन में चार्टर प्लेन से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए है. पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन दीपक मित्तल के पार्थिव शरीर को लेकर वापस रात तक रवाना होने की संभावना जताई जा रही है. दीपक मित्तल के निधन से न केवल परिजन बल्कि छत्तीसगढ़ के व्यवसाय जगत में भी शोक का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts