छत्तीसगढ़रायपुर

धनतेरस पर रायपुर में महिला ने ज्वेलरी दुकान से उड़ाया सोने का हार, CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात

रायपुर (विश्व परिवार)। धनतेरस पर रायपुर में सदर बाजार हलवाई लाइन स्थित आनंद ज्वेलर्स से महिला ठग ने सोने का हार पार कर दिया। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महिला दुकान में ग्राहक बनकर आई थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दुकान संचालक आनंद पारख के मुताबिक, महिला ने बेहद शातिर तरीके से दुकान के कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और काउंटर पर रखे सोने के हार पर हाथ साफ कर दिया। महिला ने हार अपने पास छिपा लिया और वहां से रफूचक्कर हो गई।
​सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
जब दुकान के कर्मचारियों ने स्टॉक का मिलान किया और सोने का हार गायब पाया, तो उनके होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि किस तरह साड़ी पहनी एक महिला बड़े आराम से काउंटर के पास खड़ी होकर हार चुरा रही है।
तलाश में जुटी ​पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है। आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जिससे महिला के आने-जाने के रास्ते का पता चल सके।
त्योहारों के सीजन से ठीक पहले इस तरह दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना ने सराफा व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts