बिरगांव (विश्व परिवार)। बिरगांव नगर निगम वाड क्रं 28 के पार्षद इकराम अहमद ने बताया की बिरगांव निगम क्षेत्र में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। निगम क्षेत्र के प्रमुख व्यास तालाब सहित सभी छठ तालाबों एवं घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छता और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
छठ महापर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनजर घाटों की सफाई, पचरी की रंगाई पुताई की व्यवस्था तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है, ताकि व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर निगम प्रशासन से अपील है कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं। साथ ही क्षेत्र के नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से भी आग्रह है कि तालाबों एवं छठ घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।







