मुंबई (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी 555 दिनों की विशेष सावधि जमा योजना ‘बॉब गोल्डन गोल’ पर ब्याज दरों में 10 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की है। संशोधित ब्याज दरें 12 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। इस बदलाव के बाद वरिष्ठ और अति वरिष्ठ नागरिकों को 7.50 प्रतिशत तक सालाना ब्याज मिलेगा।
बैंक की यह योजना 3 करोड़ रुपये से कम की रिटेल सावधि जमा के लिए है। इसमें प्रतिदेय और गैर-प्रतिदेय दोनों तरह के विकल्प उपलब्ध हैं। सामान्य ग्राहकों, एनआरओ और एनआरई जमाकर्ताओं के लिए प्रतिदेय जमा पर 6.85 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। वहीं गैर-प्रतिदेय विकल्प पर ब्याज दर 6.90 प्रतिशत होगी।
वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा ज्यादा ब्याज
योजना के तहत निवासी वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिदेय जमा पर 7.35 प्रतिशत और गैर-प्रतिदेय जमा पर 7.40 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। वहीं 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के अति वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रतिदेय विकल्प पर 7.45 प्रतिशत और गैर-प्रतिदेय विकल्प पर 7.50 प्रतिशत ब्याज दर निर्धारित की गई है।
डिजिटल माध्यम से भी खोल सकते हैं FD
बैंक ऑफ बड़ौदा की कार्यपालक निदेशक बीना वाहिद ने कहा कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी का उद्देश्य मध्यम अवधि में स्थिर और निश्चित रिटर्न चाहने वाले ग्राहकों को बेहतर लाभ देना है। इससे बैंक के जमा आधार को भी मजबूती मिलेगी।
ग्राहक बैंक के मोबाइल ऐप बॉब वर्ल्ड, नेट बैंकिंग बॉब वर्ल्ड इंटरनेट या देशभर की किसी भी शाखा में जाकर सावधि जमा खाता खोल सकते हैं। नए ग्राहक बैंक की वेबसाइट के माध्यम से बचत खाता खोले बिना भी ऑनलाइन FD शुरू कर सकते हैं।







