देशनई दिल्ली

बेंगलुरु को मिली 15 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी बोले- विकसित भारत के निर्माण को मिलेगी नई गति

नई दिल्ली (विश्व परिवार)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देंगी और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगी।
राज्यपाल सुधा यादव की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यपाल सुधा यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पति ने कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान दिया था। उसके बाद भी उन्होंने मां भारती की सेवा का प्रण निभाया और संसद से लेकर अब कर्नाटक में सेवाभाव से काम कर रही हैं। उन्होंने राज्यपाल को शुभकामनाएं दीं।
मेट्रो नेटवर्क में सेंचुरी
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क सिर्फ 14 किलोमीटर था, जो आज 100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा अर्बन सेंटर बन गया है, जिसने मेट्रो नेटवर्क में 100 किलोमीटर का आंकड़ा पार किया है। उन्होंने इसे ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ट्रैवल की नई सोच का परिणाम बताया।
वंदे भारत और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर
पीएम मोदी ने बताया कि हाल ही में कर्नाटक को राज्य की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी और अब गोवा से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन भी मिली है। इससे तटीय मार्ग के यात्रियों को सेमी हाईस्पीड अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ईरान और खाड़ी देशों के आसपास के तनाव ने ऊर्जा सुरक्षा की जरूरत को रेखांकित किया है। बीते दशक में पेट्रोल-डीजल-एलपीजी उत्पादन बढ़ाने, कच्चे तेल के भंडारण, सोलर-हाइड्रो-विंड एनर्जी के विस्तार और रेलवे के लगभग शत-प्रतिशत विद्युतीकरण जैसे कदमों ने भारत को संकट का सामना करने में मदद की।
मध्यम वर्ग को आर्थिक भागीदार बनाना लक्ष्य
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता अब 300 गीगावाट को पार कर गई है। नागरिक अब सिर्फ बिजली के उपभोक्ता नहीं, बल्कि उत्पादक भी बन रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़े, क्रय क्षमता मजबूत हो और वे अपने परिवार के सपनों के साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी भागीदार बनें।
उन्होंने सभी को नई परियोजनाओं की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये विकसित कर्नाटक और विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts