छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में डिलीवरी बॉय से लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक से टक्कर मारकर गिराया; 5 हजार नकद और सोने की अंगूठी लूटी

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने डिलीवरी बॉय के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में स्तेमाल होने वाली बाइक को भी जब्त किया है।
बाइक से टक्कर मारकर गिराया और फिर की लूटपाट
यह पूरा मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। हबीब खान ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह स्वीगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। 10 नवंबर को वह अपनी एक्टिवा से महोबा बाजार से सरोना पार्सल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान डुमर तालाब के पास बाइक सवार दो आरोपियों ने जानबूझकर उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गया।
इसके बाद दोनों आरोपी उससे पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया और तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उसकी जेब में रखे पर्स से नगदी रकम 5,000 रूपये और उसके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूटकर मौके से फरार हो गए।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 376/26 धारा 309(6), 3(5) बी.एन.एस. का मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने अधिकारियों के साथ थाना प्रभारियों को आरोपियों की पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरु की गई। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसके बाद टीम ने आरोपी दुष्यंत साहू और शुभांशु नागवंशी ऊर्फ शिब्बू को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में स्तेमाल बाइक भी जब्त कर लिया, जो कि आमानाका थाना क्षेत्र में डुमर तालाब के पास रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts