गरियाबंद (विश्व परिवार)। धान खरीदी सीजन 2026-27 की शुरुआत से पहले गरियाबंद जिले के धान उपार्जन केंद्रों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों ने प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. गरियाबंद जिला मुख्यालय में शुक्रवार को सहकारी समितियों के अधीन कार्यरत सभी 97 कंप्यूटर ऑपरेटर सड़क पर उतर आए. कर्मचारियों के प्रदर्शन में उनके परिवार की महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए. गांधी मैदान से तिरंगा चौक तक रैली निकाली गई. इसके बाद नेशनल हाइवे जाम कर दिया गया. पुलिस और प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
इस बीच मंत्री दयाल दास बघेल आज गरियाबंद पहुंचे. यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सरकार के नए फैसले की सराहना करते हुए इसे किसान हित में बताया. हालांकि जब मीडिया ने उनसे कंप्यूटर ऑपरेटरों की समस्या को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।
दरअसल, बीते 9 अक्टूबर को सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त ने एक आदेश जारी किया था. इसके तहत कंप्यूटर ऑपरेटरों को उनके मूल कार्यस्थल से हटाकर दूसरे ब्लॉक के धान उपार्जन केंद्रों में भेजा गया है. कर्मचारी इस आदेश को सहकारिता नियमों के विपरीत बताते हुए विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि यह पदस्थापना व्यावहारिक नहीं है. कम वेतन में दूसरे स्थान पर जाकर काम करने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा. वहीं महिला कर्मचारियों को आवागमन समेत कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इस फैसले के विरोध में ऑपरेटर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने पहले कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखी थीं. हालांकि, मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं होने से कर्मचारियों की नाराजगी बढ़ती गई. शुक्रवार को आक्रोशित कंप्यूटर ऑपरेटरों ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ प्रदर्शन और चक्काजाम किया।







