छत्तीसगढ़जशपुर

जशपुर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, सुखदेव भगत, दीपक बैज और टीएस सिंहदेव ने भाजपा सरकार को घेरा

जशपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बालाछापर में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और विधायक उमेश पटेल समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने भाजपा सरकार पर संवैधानिक अधिकारों के हनन और आदिवासी समाज की अस्मिता का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की तस्वीर लगाकर आदिवासी समाज के हितैषी होने का दिखावा किया जा रहा है, जबकि समाज की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने पेसा कानून लागू करने, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, विस्थापन रोकने और प्रभावित आदिवासियों को उचित मुआवजा देने जैसे मुद्दे उठाए। साथ ही प्रदेश में आदिवासियों के साथ हो रही घटनाओं पर कार्रवाई की मांग की।
दीपक बैज ने भी सरकार पर साधा निशाना
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ विभिन्न संगठन आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान को लेकर सरकार को घेरा।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता जुटे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts