रायपुर (विश्व परिवार)। एम्स रायपुर ने मुंबई स्थित गैर-सरकारी संस्था एक्सेस लाइफ असिस्टेंस फाउंडेशन (ALAF) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य एम्स रायपुर में कैंसर का उपचार करा रहे बच्चों और उनके परिवारों को उपचार की पूरी अवधि के दौरान आवश्यक सुविधाएं एवं सहायता उपलब्ध कराना है।
बच्चों में कैंसर का उपचार प्रायः लंबी अवधि तक चलता है। इसके लिए कई महीनों या वर्षों तक अस्पताल में भर्ती रहने अथवा बार-बार अस्पताल आना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए आवागमन, आवास और दैनिक आवश्यकताओं पर होने वाला खर्च एक बड़ी चुनौती बन जाता है। कई बार इन कठिनाइयों के कारण बच्चों के उपचार में देरी अथवा बाधा उत्पन्न हो सकती है।
निःशुल्क आवास, भोजन और परिवहन की मिलेगी सुविधा
इस समझौते के अंतर्गत एक्सेस लाइफ असिस्टेंस फाउंडेशन द्वारा अस्पताल के निकट कैंसर पीड़ित बच्चों एवं उनके साथ रहने वाले परिजनों के लिए निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, परिवहन सुविधा, अनौपचारिक शिक्षा तथा परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन सुविधाओं से परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक एवं व्यावहारिक बोझ कम होगा तथा बच्चों का उपचार बिना अनावश्यक व्यवधान के जारी रखने में सहायता मिलेगी।
एक्सेस लाइफ असिस्टेंस फाउंडेशन देश के 15 स्थानों पर कैंसर पीड़ित बच्चों एवं उनके परिवारों को इसी प्रकार की सहायता प्रदान कर रहा है। एम्स रायपुर के साथ यह साझेदारी छत्तीसगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में बच्चों के लिए सुलभ, संवेदनशील और परिवार-केंद्रित कैंसर उपचार सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
एम्स के कार्यपालक निदेशक और फाउंडेशन के अध्यक्ष ने किए हस्ताक्षर
इस समझौता ज्ञापन पर 20 नवंबर 2026 को एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) तथा एक्सेस लाइफ असिस्टेंस फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष गिरीश नायर ने अपने-अपने संस्थानों की ओर से हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर एम्स रायपुर के अधिष्ठाता (शैक्षणिक) डॉ. एली मोहापात्रा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देबेंद्र त्रिपाठी, सह-अधिष्ठाता (शैक्षणिक) डॉ. निगहत हुसैन तथा अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराट गल्होत्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गिरीश नायर ने फाउंडेशन की स्थापना, अब तक की यात्रा तथा कैंसर पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी दी। वहीं, कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी कैंसर का उपचार करा रहे बच्चों और उनके परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने इन सुविधाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कार्यपालक निदेशक ने इस महत्वपूर्ण सहयोग और MoU को सार्थक बनाने तथा रोगी सहायता सेवाओं को सुदृढ़ करने में योगदान देने के लिए एम्स रायपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार गोयल (विभागाध्यक्ष, शिशु रोग विभाग), डॉ. सुनील जोंधले, डॉ. सिद्धार्थ नंदा, डॉ. अमित कुमार अग्रवाल एवं सुश्री शीटी के प्रयासों की भी सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. तुषार भरत जगजापे, उप चिकित्सा अधीक्षक एम्स रायपुर ने किया, जबकि समन्वयक की जिम्मेदारी श्री सौरभ कुमार, पर्यवेक्षक (MSSO) ने निभाई।
यह पहल एम्स रायपुर और एक्सेस लाइफ असिस्टेंस फाउंडेशन की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस साझेदारी से कैंसर पीड़ित बच्चों एवं उनके परिजनों को अस्पताल के निकट रहने, उपचार जारी रखने तथा कठिन परिस्थितियों में भी सम्मान, सुविधा और मानसिक संबल के साथ उपचार यात्रा पूरी करने में मदद मिलेगी।







