छत्तीसगढ़रायपुर

तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों की फसल बर्बाद, सरकार नुकसान का सर्वे तक नहीं करा रही : दीपक बैज

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 दिनों के भीतर आए तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों को हुए फसल नुकसान को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया है कि सरकार किसानों की बर्बाद हुई फसलों का आकलन तक नहीं करा रही है। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जाए और फसल बीमा की राशि दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

शनिवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि पिछले 24 दिनों में आए तीन चक्रवाती तूफान ऐसे समय आए हैं, जब किसानों की फसल पूरी तरह तैयार थी। अकवान तूफान के दौरान कई किसानों का धान खरीदी केंद्रों तक पहुंच चुका था, जो बेमौसम बारिश में भीग गया। वहीं, कई किसानों की खड़ी फसल गिर गई और खेतों में कटाई के बाद पड़ा धान भी बारिश से खराब हो गया।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में पहले ही 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग और 6154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हो चुकी है। पूरे प्रदेश में लाखों हेक्टेयर धान की फसल खराब हुई है, लेकिन सरकार किसानों के नुकसान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है।

दो तूफानों से हुए नुकसान का अब तक सर्वे नहीं

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि अर्नव और मुरासू तूफान से हुए फसल नुकसान का सरकार ने अब तक सर्वे नहीं कराया है। वहीं, तीसरे तूफान अकवान का प्रभाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कई किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन कटवा लिया था, लेकिन तीन-चार दिनों से खराब मौसम के कारण वे धान नहीं बेच पाए और उनका टोकन लेप्स हो गया।

उन्होंने पटवारियों की हड़ताल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि तीनों तूफानों के दौरान पटवारी हड़ताल पर हैं। फसल नुकसान का आकलन मुख्य रूप से पटवारियों के माध्यम से किया जाता है, लेकिन सरकार ने हड़ताल समाप्त कराने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया। न ही नुकसान के आकलन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इससे किसानों को क्षतिपूर्ति मिलने में देरी हो रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि निजी फसल बीमा कंपनियां सरकार के संरक्षण में मुनाफा कमा रही हैं, जबकि प्रीमियम जमा करने के बावजूद किसानों को बीमा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

कांग्रेस ने सरकार के सामने रखीं 8 मांगें

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में सरकार से तत्काल राहत देने की मांग करती है। उन्होंने प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखीं-

  1. तीनों चक्रवाती तूफानों से हुए फसल नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि दी जाए।
  2. बीमा कंपनियों को निर्देश जारी कर फसलों के नुकसान का जल्द आकलन कराया जाए और किसानों को बीमा राशि प्रदान की जाए।
  3. राजस्व पुस्तिका के नियम 6-4 के तहत आपदा राहत प्रावधानों के अनुसार किसानों को मुआवजा दिया जाए।
  4. सभी ब्लॉकों में कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर फसल बीमा कंपनियों के कामकाज की निगरानी कराई जाए।
  5. क्षतिपूर्ति की गणना 21 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करते हुए धान के लिए 65,100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा तत्काल घोषित किया जाए।
  6. जिन किसानों के टोकन कट चुके हैं, लेकिन पिछले तीन दिनों से खराब मौसम के कारण धान नहीं बेच पाए हैं, उनके टोकन दोबारा जारी किए जाएं।
  7. मौसम की स्थिति को देखते हुए धान खरीदी की अवधि 15 दिन और बढ़ाने की घोषणा की जाए।
  8. पटवारियों की हड़ताल समाप्त कराने के लिए सरकार तत्काल पहल करे, ताकि फसल नुकसान का आकलन हो सके।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सकलेन कामदार, प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा, वंदना राजपूत, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, राजनांदगांव जिला अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहुजा और वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts