रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर पश्चिम विधायक एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जोन-7 के स्वामी आत्मानंद वार्ड क्रमांक 38 स्थित मायाराम सुरजन उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, चौबे कॉलोनी पहुंचकर 40 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षों और हॉल का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, नगर निगम लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के अध्यक्ष भोलाराम साहू, जोन-7 अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, स्वामी आत्मानंद वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद आत्मानंद साहू, पार्षद मीना ठाकुर, पूर्व पार्षद गोपी साहू, जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, शाला विकास समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शाला परिसर में अधोसंरचना मद से 40 लाख रुपये की लागत से भूतल पर दो अतिरिक्त कक्ष और प्रथम तल पर हॉल का निर्माण कराया गया है। विधायक राजेश मूणत ने फीता काटकर नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे एवं पार्षदों ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर शाला की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
विधायक राजेश मूणत ने मंच से शाला में द्वितीय तल पर हॉल निर्माण के लिए 15 लाख रुपये और इलेक्ट्रॉनिक चाक बोर्ड लगवाने के लिए 10 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षक-शिक्षिकाएं छात्राओं को अच्छे संस्कार दें, जो भविष्य में उन्हें जीवन में श्रेष्ठ कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे। शाला में छात्राओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि मायाराम सुरजन उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला का तेजी से विकास विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में हो रहा है। उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और छात्राओं से अच्छे अंक प्राप्त कर क्षेत्र एवं शाला का नाम रोशन करने का आह्वान किया।








