नई दिल्ली (विश्व परिवार)। स्पाइसजेट की फ्लाइट्स लगातार रद्द हो रही हैं, जिसे लेकर यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. अब विमानन नियामक DGCA ने स्पाइसजेट को ‘कारण बताओ नोटिस’ थमाया है. इसमें आठ मुख्य चिंताओं का जिक्र किया गया है, जिनमें बार-बार नियमों का उल्लंघन, खराब होता परिचालन प्रदर्शन और खड़े विमानों में से अधिकांश को वापस सेवा में लाने में विफलता शामिल हैं।
स्पाइसजेट इन दिनों आर्थिक दिक्कतों से गुजर रहा है, जिस कारण इसकी फ्लाइट्स भी तेजी कैंसिल हो रही हैं. अभी तक एयरलाइंस की 74 फीसदी से ज्यादा फ्लाइट्स पार्क हो चुकी हैं।
विमानन सेक्टर की निगरानी करने वाली संस्था DGCA ने मुश्किलों से जूझ रही एयरलाइन स्पाइसजेट को ‘कारण बताओ नोटिस’ भेजा है. इसमें एयरलाइन को सात दिन का समय दिया गया है कि वह बताए कि एयरक्राफ्ट रूल्स और संबंधित सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।
DGCA ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में एयरलाइन के परिचालन प्रदर्शन में लगातार गिरावट, समय पर उड़ान संचालन में कमी और उड़ानों में देरी एवं रद्द होने की बढ़ती घटनाओं पर स्पष्टीकरण मांगा है. इस सस्ती हवाई सेवा देने वाली कंपनी की घरेलू बाजार में हिस्सेदारी अगस्त के 1.2 प्रतिशत से घटकर सितंबर में सिर्फ 0.6 प्रतिशत रह गई है।
सूत्रों के मुताबिक DGCA ने नोटिस में 8 बड़ी कमियां गिनाई हैं. पहली बात यह है कि एयरलाइन रूट से जुड़े नियम नहीं मान रही. सरकार का नियम है कि हर एयरलाइन को कुछ उड़ानें छोटे शहरों और दूर के इलाकों के लिए भी चलानी होती हैं. एयरलाइन तय शेड्यूल के हिसाब से उड़ानें भी नहीं चला रही है, इस कारण यात्री परेशान हो रहे हैं।
17 नवंबर को जारी किए गए नोटिस में रेगुलेटर ने कहा है कि एयरलाइन ने तय किए गए शेड्यूल के हिसाब से उड़ानें नहीं चलाईं. इसके अलावा, फ्लाइट्स रद्द होने, उनमें देरी होने और रुकावटों की वजह से यात्रियों को लगातार दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं और एयरलाइन ने यात्रियों की मदद के लिए जरूरी इंतजाम भी नहीं किए हैं।







