छत्तीसगढ़रायपुर

25 साल से सेवा कर रहीं मितानिन दीदियों का नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने किया सम्मान

रायपुर (विश्व परिवार)। मितानिन सम्मान दिवस के अवसर पर रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 34 की मितानिन दीदियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने मितानिनों को श्रीफल, मिठाई और वस्त्र भेंटकर उनके सेवा कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में आकाश तिवारी ने कहा कि मितानिन दीदियां पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से बिना रुके और बिना थके घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों का टीकाकरण, मलेरिया-डेंगू की रोकथाम और बीपी-शुगर की जांच जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उनकी भूमिका बेहद अहम है। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी मितानिनों ने घर-घर पहुंचकर लोगों को दवाइयां, जांच और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि मितानिन दीदियां केवल स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज की असली सेविका हैं।

इस अवसर पर तिवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने मितानिनों की समस्याओं को समझते हुए उनका मानदेय बढ़ाया था और प्रोत्साहन राशि देकर उनके योगदान को सम्मान दिया था। साथ ही मितानिन सम्मान दिवस को प्रदेश स्तर पर मनाने की परंपरा को भी आगे बढ़ाया गया।

सम्मान से उत्साहित मितानिन दीदियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरह सम्मानित किए जाने से उन्हें और बेहतर तरीके से काम करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आकाश तिवारी के प्रति आभार जताया।

इस दौरान आकाश तिवारी ने तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। उन्होंने कहा कि मितानिनों को मानदेय समय पर मिले और उसमें किसी तरह की कटौती न हो। स्वास्थ्य केंद्रों में उन्हें पूरा सम्मान दिया जाए और परिवार के सदस्य की तरह व्यवहार किया जाए। इसके अलावा उन्होंने वार्ड क्रमांक 34 की मितानिन दीदियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में तिवारी ने रायपुर क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र की मितानिन दीदियों का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से किसी भी व्यक्ति का मनोबल और कार्य करने की ऊर्जा बढ़ती है। मितानिन दीदियां समाज के लिए जो योगदान दे रही हैं, उसके लिए उनका सम्मान किया जाना जरूरी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts