मुंबई (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा को प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत ऋण वितरण में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों में प्रथम स्थान हासिल करने पर स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि स्ट्रीट वेंडर्स को औपचारिक बैंकिंग सेवाओं और ऋण सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में बैंक के प्रयासों को दर्शाती है।
यह पुरस्कार केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने प्रदान किया। इस अवसर पर आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह और पीएम स्वनिधि की मिशन निदेशक ईशा कालिया उपस्थित रहे। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से महाप्रबंधक राज कुमार गोयल, सहायक महाप्रबंधक राकेश सिंह और मुख्य प्रबंधक न्यूटन कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया।
इस उपलब्धि पर बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि यह सम्मान समाज के अंतिम व्यक्ति तक औपचारिक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्ट्रीट वेंडर्स देश के उद्यम इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्हें समय पर किफायती ऋण उपलब्ध कराने से उनकी आजीविका और व्यवसाय के विकास में मदद मिलती है।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत बैंक स्ट्रीट वेंडर्स को बिना किसी कोलेटरल यानी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध करा रहा है। इससे छोटे व्यापारियों को अपना कारोबार जारी रखने और उसका विस्तार करने के साथ औपचारिक क्रेडिट हिस्ट्री बनाने में भी मदद मिल रही है।
बैंक ने कहा कि वह वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने, सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहित करने और जमीनी स्तर पर उद्यमिता को मजबूत बनाने के लिए आगे भी प्रतिबद्ध रहेगा।







