रायपुर (विश्व परिवार)। धमतरी क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को तीन महत्वपूर्ण कार्य एक साथ पूरे किए गए। लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 132/33 केवी उपकेंद्र अर्जुनी का सफल ऊर्जीकरण किया गया। इसके साथ ही 132 केवी कुरूद-धमतरी पारेषण लाइन का उपकेंद्र अर्जुनी पर एलआईएलओ कार्य पूरा कर उससे जुड़े दोनों नए लाइन खंडों तथा 40-40 एमवीए क्षमता के दोनों पावर ट्रांसफॉर्मरों को भी ऊर्जीकृत किया गया। इससे धमतरी नगर सहित जिले के लगभग 105 गांवों को बेहतर और अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
यह कार्य छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में संपन्न हुआ। परियोजना के अंतर्गत 132 केवी धमतरी-अर्जुनी की 16 किलोमीटर लंबी लाइन को शाम 4:09 बजे सुदूर छोर से ऊर्जीकृत किया गया। इसके एक मिनट बाद शाम 4:10 बजे 22 किलोमीटर लंबी 132 केवी कुरूद-अर्जुनी लाइन को ऊर्जीकृत किया गया। इसके बाद 40 एमवीए पावर ट्रांसफॉर्मर क्रमांक-1 को शाम 4:46 बजे तथा क्रमांक-2 को शाम 4:48 बजे एचवी साइड से सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया।
उपकेंद्र के चालू होने से धमतरी क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही पारेषण तंत्र को अतिरिक्त परिचालन सुविधा मिलेगी और भविष्य में बढ़ने वाले विद्युत भार का प्रबंधन भी बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में अतिथियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक श्री संजय पटेल, मुख्य अभियंता अब्राहम वर्गीस एवं प्रसन्ना गोसावी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता वी.ए. देशमुख एवं माया आर. नायर, अधीक्षण अभियंता धनेश देवांगन, विक्रम मंधान एवं सुनील भुआर्या उपस्थित थे।
इसके अलावा कार्यपालन अभियंता विंध्याचल गुप्ता, प्रदीप साहू, यू.के. यादव, गौरव रघुवंशी, आशीष रात्रे, सिद्धार्थ भावसार, हेमंत बरांगे, अमित कुमार एवं संजय नेमा तथा सहायक अभियंता राजेन्द्र चौहान, मोनेश सोम, नारायण लोधी, संजय चंद्राकर, अंकुर सिंह, दीपक आहर, पी.के. तिवारी, पी.के. शुक्ला एवं वामन साहू भी उपस्थित थे।







