देशनई दिल्ली

अमित शाह ने ‘रामायण: पार्ट 1’ की टीम से की मुलाकात, रणबीर कपूर समेत कलाकारों को दी बधाई; 2000 करोड़ की ओर फिल्म की कमाई

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ की टीम से मुलाकात की और फिल्म की शानदार वैश्विक सफलता के लिए निर्माताओं एवं कलाकारों को बधाई दी। इस मुलाकात में फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, अभिनेता रणबीर कपूर और साई पल्लवी तथा सह-निर्माता नीरज सिंघई शामिल हुए।
अमित शाह ने भारतीय महाकाव्यों में विशेष स्थान रखने वाली रामायण को भव्य सिनेमाई स्तर पर बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने के लिए फिल्म की पूरी टीम की सराहना की।
निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ का निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है। फिल्म 5 नवंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और रवि दुबे सहित कई कलाकारों से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल कर चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म दुनियाभर में 2,000 करोड़ रुपये के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के आंकड़े की ओर बढ़ रही है।
बांग्ला साहिब गुरुद्वारे में रणबीर कपूर ने टेका माथा
इससे पहले बुधवार को फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले रणबीर कपूर ने दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका और फिल्म की सफलता के लिए आभार जताया। इस दौरान निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा भी उनके साथ मौजूद रहे।
फिल्म को भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। निर्माताओं की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, सिनेमाघरों में इसके प्रदर्शन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है और यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई है।
दो भागों में बनेगी रामायण की सिनेमाई प्रस्तुति
फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान और हंस जिमर ने तैयार किया है। ‘रामायण: पार्ट 1’ प्राचीन भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित दो भागों वाली सिनेमाई प्रस्तुति की पहली कड़ी है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में हैं। अनुपम खेर ने जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है। जटायु फिल्म की कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और रावण द्वारा सीता के अपहरण के दौरान उन्हें बचाने का प्रयास करते हैं।
इसके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts