रायपुर

भारतीय बौद्ध महासभा ने अंबेडकर चौक पर मनाया संविधान दिवस, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय बौद्ध महासभा, रायपुर छत्तीसगढ़ की ओर से 26 नवंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंचशील और भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुई। इसके बाद समता सैनिक दल ने बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर को सलामी दी।

इस अवसर पर 22 नवंबर को आयोजित संविधान आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा कर उन्हें सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में वसंत निकोषे ने प्रथम, कुमारी श्रद्धा गायकवाड़ ने द्वितीय और सुशील भीमटे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेताओं को प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान किए गए। वहीं अधिवक्ता फैजल रिजवी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 15 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा तथा विशेष अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस एमडी कावड़े और सेवानिवृत्त श्रम न्यायाधीश एसएल मात्रे उपस्थित रहे। इनके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता रामलाल गुप्ता, राष्ट्रीय ट्रस्टी अलका बोरकर, अधिवक्ता फैजल रिजवी, अधिवक्ता भगवानू नायक और भारतीय बौद्ध महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष भोजराज गौरखेड़े सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में रुक्मणी रामटेके धुमाल पार्टी ने प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

संविधान ने दिया समानता और अधिकारों का आधार

विशेष अतिथि एसएल मात्रे ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान लागू होने के बाद देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हुई। अब किसी व्यक्ति का राजा बनना जन्म से तय नहीं होता, बल्कि जनता अपने मताधिकार से प्रतिनिधि चुनती है। उन्होंने कहा कि एक मजदूर का वोट भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना किसी अन्य व्यक्ति का। काम के आठ घंटे निर्धारित होना, साप्ताहिक अवकाश, महिलाओं को मातृत्व अवकाश और पिता की संपत्ति में समान अधिकार जैसे प्रावधान संविधान की देन हैं।

अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक अधिकार प्रदान किए हैं। महिला और पुरुष सभी को समान अधिकार मिले हैं। उन्होंने सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने, शराब दुकानों की संख्या बढ़ने और शासकीय कार्यालयों में संविदा नियुक्तियों को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की।

रामलाल गुप्ता ने कहा कि आज महिलाएं सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और आर्थिक क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। यह संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों का परिणाम है। उन्होंने महिलाओं से संविधान का अध्ययन करने का आह्वान किया।

अधिवक्ता फैजल रिजवी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने संविधान निर्माण के दौरान सभी वर्गों और धर्मों के हितों का ध्यान रखा। भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है, जहां सभी धर्मों और जातियों के लोगों को समान अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने संविधान की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा इसकी रक्षा करने की अपील की।

मुख्य अतिथि अमरजीत सिंह छाबड़ा ने अल्पसंख्यक आयोग की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को सहयोग प्रदान करने के लिए आयोग तत्पर है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि शासन और प्रशासन के संचालन की नियमावली है, जिसके अनुरूप सभी को कार्य करना चाहिए।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र प्रदान

कार्यक्रम के दौरान आयु. संजय गजघाटे और आयु. रुक्मणी राजू रामटेके के नेतृत्व में 14 अप्रैल 2026 को 3,000 लोगों को धम्म पताका पहनाने के आयोजन के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। यह प्रमाण पत्र 26 नवंबर को सोनल राजेश शर्मा, स्टेट हेड एवं अधिकृत संवाददाता के हाथों सौंपा गया।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने धुमाल पार्टी की संचालिका सहित महिला सदस्यों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव बेनीराम गायकवाड़ ने किया। अंत में प्रांतीय अध्यक्ष भोजराज गौरखेड़े ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भारतीय बौद्ध महासभा की जिला शाखा रायपुर, युवा विंग, महिला विंग के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts