छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ को रेल मंत्रालय की बड़ी सौगात, रायपुर से रावघाट और कुरुद के लिए 3 नई मेमू ट्रेनों को मंजूरी

रायपुर/नई दिल्ली (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेल मंत्रालय ने रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच तीन नई मेमू (MEMU) यात्री ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी दे दी है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि बृजमोहन अग्रवाल ने इसे क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर इन रेल सेवाओं की स्वीकृति की जानकारी दी। मंजूर की गई ट्रेनों में रायपुर-रावघाट के लिए एक जोड़ी और रायपुर-कुरुद के लिए दो जोड़ी मेमू ट्रेनें शामिल हैं।

इन तीन रेल सेवाओं को मिली मंजूरी

  • गाड़ी संख्या 68768/68769: रायपुर–रावघाट मेमू
  • गाड़ी संख्या 68772/68771: रायपुर–कुरुद मेमू
  • गाड़ी संख्या 68774/68773: रायपुर–कुरुद मेमू

दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुगम और किफायती आवागमन उपलब्ध कराना उनका निरंतर प्रयास रहा है। उन्होंने रेल मंत्री से इन मेमू ट्रेनों के संचालन का अनुरोध किया था, जिसके बाद रेल मंत्रालय ने परिचालन को मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाओं से नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और इलाज के लिए राजधानी आने-जाने वाले मरीजों सहित आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी। इससे यात्रा अधिक सुगम होने के साथ समय की बचत होगी और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलेगी।

व्यापारिक और सामाजिक संपर्क को मिलेगा बढ़ावा

नई मेमू ट्रेनों के संचालन से रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन के विकल्प बढ़ेंगे। इससे दैनिक यात्रियों को लाभ मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से राजधानी रायपुर आने-जाने वाले लोगों के लिए किफायती रेल परिवहन का विकल्प उपयोगी साबित हो सकता है।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के विकास को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल सेवाओं को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में रेल नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में लगातार काम हो रहा है।

हालांकि, इन नई मेमू ट्रेनों के परिचालन की स्वीकृति मिल गई है, लेकिन इनके शुरू होने की तारीख और समय-सारिणी की जानकारी अलग से जारी होने की प्रतीक्षा रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts