रायपुर (विश्व परिवार)। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ यानी नशे के विरुद्ध एकजुट भारत की थीम पर निकाली जा रही राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली को रविवार को रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड से अगले पड़ाव के लिए रवाना किया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अरुण देव गौतम ने हरी झंडी दिखाकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त बाइक रैली टीम को रवाना किया। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित यह राष्ट्रव्यापी रैली देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से गुजर रही है। इसका उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना, नशामुक्त भारत का संदेश देना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। रैली की शुरुआत 14 अक्टूबर को हुई थी। यह करीब 2,245 किलोमीटर का सफर तय कर 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में संपन्न होगी। समापन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर होगा।
रायपुर में हुआ भव्य स्वागत
रैली के मध्य जोन में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से रवाना हुई रैली महासमुंद होते हुए 16 अक्टूबर को रायपुर पहुंची थी। यहां मरीन ड्राइव, तेलीबांधा में छत्तीसगढ़ पुलिस, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बाइक रैली का स्वागत किया। 17 अक्टूबर को ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की रैली टीमों के सम्मान में विशेष अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया गया।
DGP बोले- नशे के खिलाफ जागरूकता जरूरी
फ्लैग ऑफ समारोह में मुख्य अतिथि DGP अरुण देव गौतम ने नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में जुटी बाइक रैली टीम के प्रयासों की सराहना की और गुजरात में होने वाले समापन समारोह के महत्व पर प्रकाश डाला।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार ने नशामुक्त भारत को आगामी तीन वर्षों का प्रमुख लक्ष्य बताते हुए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने रैली के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम को आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहने और जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
बलौदाबाजार, बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंचेगी रैली
रायपुर से रवाना होने के बाद रैली बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंचेगी। इसके बाद टीम मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी और जबलपुर, भोपाल तथा इंदौर होते हुए अन्य राज्यों की टीमों के साथ गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला, 4वीं बटालियन के कमांडेंट सूरज सिंह परिहार, रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुरिया, डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा सहित रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाना, देश की आंतरिक एकता और अखंडता को मजबूत करना तथा युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से बचाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करना है।







