रायपुर

भगवान सहस्त्रबाहु जयंती पर रायपुर में तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा उत्सव का आयोजन, विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

रायपुर (विश्व परिवार)। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी क्षत्रिय वंश के प्रणेता राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु जयंती के अवसर पर 16 नवंबर 2026, सोमवार से तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा उत्सव का आयोजन किया गया। रायपुर कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जनता कॉलोनी गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, अमलीडीह रोड, शिवानंद नगर एवं सीबीएसई मान्यता प्राप्त केन्ट इंटरनेशनल स्कूल, झीट, रायपुरा-अमलेश्वर मार्ग में इस उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

भगवान सहस्त्रबाहु का साम्राज्य पूरे भारतवर्ष सहित विदेशों तक फैला हुआ था। समस्त पिछड़ी जातियों के आराध्य देव कार्तवीर्य अर्जुन ने अपनी आराधना से भगवान दत्तात्रेय को प्रसन्न किया था। भगवान दत्तात्रेय ने युद्ध के समय सहस्त्रार्जुन को हजार हाथों का बल प्राप्त करने का वरदान दिया था। इसी कारण उनका नाम श्री सहस्त्रार्जुन पड़ा। वे सात द्वीपों सहित हैहय साम्राज्य के चक्रवर्ती अधिपति थे। मान्यता है कि जो भी व्यक्ति प्रातःकाल भगवान सहस्त्रार्जुन का नाम लेता है, उसकी संपत्ति कभी नष्ट नहीं होती और नष्ट हुआ धन पुनः प्राप्त हो जाता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में प्रातः 10 बजे भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात शक्ति, एकता और विकास के प्रतीक तीन मशाल प्रज्वलित की गईं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के उद्देश्य से विभिन्न क्रीड़ा एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें कक्षावार गोला फेंक, तवा फेंक, व्यंजन प्रतियोगिता, रंगोली, पुष्प सज्जा, सुलेख, सलाद सज्जा, फैंसी ड्रेस और कबड्डी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल हैं। उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts