रायपुर

अभाविप रायपुर महानगर ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा एवं अराजक गतिविधियों के विरोध में किया प्रदर्शन, 135 से अधिक विद्यार्थी हुए शामिल

रायपुर (विश्व परिवार)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), रायपुर महानगर द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, भ्रामक प्रचार एवं आंदोलन के नाम पर की जा रही कथित अराजक गतिविधियों के विरोध में “अराजकता रोको – लोकतंत्र अपनाओ” अभियान के अंतर्गत प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के माध्यम से एसआईआर (SIR) एवं मतदाता सूची से जुड़े विवादों पर भ्रामक जानकारी फैलाने, प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक भाषा के कथित प्रयोग, AI Impact Summit के दौरान यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के कुलसचिव को थप्पड़ मारने की धमकी देने, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के साथ दुर्व्यवहार तथा दिल्ली में एनएसयूआई द्वारा संविधान की प्रस्तावना जलाने की घटना के विरोध में अपनी बात रखी गई। अभाविप ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध प्रदर्शन का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन इसका उपयोग संवैधानिक मर्यादाओं एवं शांतिपूर्ण तरीकों के अनुरूप होना चाहिए।

इस अवसर पर अभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फुटाने ने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का उपयोग जनहित, राष्ट्रहित, सामाजिक सुधार एवं सरकार की गलत नीतियों के विरोध के लिए होना चाहिए। आंदोलन के नाम पर हिंसा, धमकी, भ्रामक प्रचार, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाना तथा संवैधानिक संस्थाओं एवं व्यक्तियों के प्रति अपमानजनक व्यवहार किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों एवं संवैधानिक मर्यादाओं का भी पालन करे।

अभाविप रायपुर महानगर मंत्री सुजल गुप्ता ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का अपमान करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना होना चाहिए। चाहे सरकार की गलत नीतियों का विरोध हो, विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा हो या सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाना हो, हमारा मार्ग सत्य, संविधान, शांति एवं राष्ट्रहित का मार्ग होना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति का सम्मान आवश्यक है, लेकिन असहमति व्यक्त करने के तरीके भी मर्यादित एवं जिम्मेदार होने चाहिए।

आंदोलन में प्रमुख रूप से महानगर छात्रा प्रमुख हर्षित कौर सहित प्रवीण, संकल्प, सुनय, भूषण, खुशबू , साक्षी, काजल , शिवम, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्तिथ रहें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts