रायपुर (विश्व परिवार)। पंडरी के तरुण नगर लोधी पारा में 3 साल के बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बच्चे के सौतेले पिता राजा पर पिटाई करने और मां अन्नू देवी पर उसे रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाने का आरोप है। बच्चे की 6 साल की बहन लक्ष्मी ने मोहल्ले के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बस्ती के लोगों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मां और सौतेले पिता के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में बताया गया है कि 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे लक्ष्मी ने मोहल्ले वालों को अपने छोटे भाई के साथ मारपीट की जानकारी दी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बच्चे के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान हैं। उसके हाथ में प्लास्टर चढ़ा हुआ है और बाईं आंख में भी सूजन है। आवेदन में बच्चे के साथ पहले भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। चोटें कैसे आईं और उनकी वजह क्या है, इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी।
बच्चे को सुरक्षित रखने की मांग
बस्ती के लोगों ने आरोप लगाया है कि मां बच्चों के साथ कथित मारपीट को रोकने के लिए कुछ नहीं करतीं। शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई है कि पुलिस कार्रवाई के डर से किराये के मकान में रहने वाला परिवार कहीं और जा सकता है।
उन्होंने पुलिस से बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराने और उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश करने की मांग की है। साथ ही बच्चे को सुरक्षित बाल गृह में रखने की अपील की है, ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
तीन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मामले में किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) व 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।







