खैरागढ़-छुईखदान-गंडाईछत्तीसगढ़

किसान आंदोलन से दूर रहने की धमकी का आरोप, 300-400 ग्रामीणों ने दी थाने के घेराव की चेतावनी

खैरागढ़ (विश्व परिवार)। श्री सीमेंट फैक्ट्री स्थापना और चूना पत्थर खनन परियोजना के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के बीच अब धमकी और गाली-गलौज का मामला सामने आया है. किसान अधिकार संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र जंघेल ने आरोप लगाया है कि उन्हें फोन पर गाली-गलौज करते हुए आंदोलन से दूर रहने का दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. मामले को लेकर किसान अधिकार संघर्ष समिति के सदस्य और ग्रामीण छुईखदान थाना पहुंचे, जहां थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर FIR दर्ज करने, निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की गई।
शिकायतकर्ता वीरेंद्र जंघेल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वे श्री सीमेंट फैक्ट्री स्थापना एवं चूना पत्थर खनन परियोजना के विरोध में आंदोलनरत किसान अधिकार संघर्ष समिति, दनिया-अतरिया,उदयपुर और संपूर्ण परिक्षेत्र के उपाध्यक्ष हैं. आवेदन के मुताबिक 29 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे विचारपुर निवासी राजेश जंघेल ने वीरेंद्र जंघेल के मोबाइल पर अपने नंबर से करीब 10 से 15 बार फोन कॉल किया।
वीरेंद्र जंघेल का आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई. इसके बाद उन्हें किसान अधिकार संघर्ष समिति और सीमेंट खदान-फैक्ट्री से जुड़े आंदोलन से दूर रहने के लिए कथित तौर पर धमकाया गया. उन्हें कहा गया कि यदि वे किसान समिति और आंदोलन से अलग नहीं हुए तो घर में घुसकर उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
धमकी के बाद परिवार में डर का माहौल
कथित धमकी के बाद वीरेंद्र जंघेल ने खुद और अपने परिवार की जान-माल को लेकर गंभीर आशंका जताई है. उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि उन्हें डर है कि कथित धमकी भविष्य में किसी अप्रिय घटना में तब्दील हो सकती है. शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित कॉल डिटेल और मोबाइल में उपलब्ध रिकॉर्ड को भी जांच में साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत करने की बात कही है।
जल्द कार्रवाई नहीं तो 300-400 ग्रामीण करेंगे थाने का घेराव
मामले में किसान अधिकार संघर्ष समिति ने भी पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. समिति का कहना है कि यदि 3 से 4 दिनों के भीतर शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन को और तेज किया जाएगा. समिति ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में करीब 300 से 400 ग्रामीण छुईखदान थाना पहुंचकर थाने का घेराव कर सकते हैं. थाना प्रभारी को सौंपे गए आवेदन में वीरेंद्र जंघेल ने कथित संज्ञेय अपराध के संबंध में FIR दर्ज कर निष्पक्ष और प्रभावी जांच करने की मांग की है. साथ ही उन्होंने खुद और परिवार की जान-माल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और दर्ज FIR की प्रति उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
रूक ही नहीं रहा परियोजना का विवाद
गौरतलब है कि श्री सीमेंट परियोजना को लेकर क्षेत्र में किसान संगठनों और ग्रामीणों का विरोध लगातार जारी है. ऐसे में आंदोलन से जुड़े पदाधिकारी को कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद विवाद और गरमाने के आसार हैं. हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस की ओर से FIR दर्ज किए जाने और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts