बिलासपुर (विश्व परिवार)। एटीएम में मदद करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठग ने पहले एटीएम का पिन देख लिया, फिर चालाकी से पीड़ित का एटीएम कार्ड बदल दिया और कुछ ही मिनटों में खाते से चार बार में 40 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर सकरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, जगदीश प्रसाद राठौर निवासी ग्राम परसदा (भरनी) केंद्रीय रेशम बोर्ड परसदा में कार्यरत है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि सकरी बाजार चौक स्थित एसबीआई एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। उसी समय एटीएम के अंदर पहले से मौजूद करीब 30-35 वर्षीय एक युवक ने उनसे बातचीत शुरू की और मदद के बहाने दोबारा एटीएम कार्ड मशीन में डालने तथा पिन दर्ज करने की सलाह दी।
पीड़ित ने जैसे ही दोबारा पिन दर्ज किया, आरोपी ने चालाकी से उनका पिन देख लिया। इसके बाद मौका मिलते ही उसने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। उस समय पीड़ित को कार्ड बदले जाने की भनक तक नहीं लगी और वह वहां से निकल गया। कुछ देर बाद जब जगदीश प्रसाद राठौर गनियारी स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम पहुंचे और कार्ड का उपयोग करने की कोशिश की तो कार्ड काम नहीं कर रहा था। इसी दौरान उनके मोबाइल पर खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया।
इसके बाद लगातार चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 40 हजार रुपये खाते से निकाल लिए गए। धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित तत्काल बैंक पहुंचे और अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया, ताकि आगे कोई और राशि नहीं निकाली जा सके। इसके बाद उन्होंने सकरी थाना पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सकरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध युवक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।







