रायपुर

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारी हेतु बीरगांव निगम आयुक्त ने ली प्रशिक्षण बैठक

बीरगांव (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम बीरगांव में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर आज एक महत्वपूर्ण बैठक निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा की उपस्थिति मे हुई , जिसमें नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में निगम आयुक्त श्री उर्वशा ने स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों, मूल्यांकन प्रक्रिया तथा नागरिक सहभागिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का एक जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
प्रशिक्षण सत्र में स्वच्छता सर्वेक्षण के विभिन्न बिंदुओं जैसे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, प्लास्टिक मुक्त अभियान एवं जागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने वार्डों में नियमित मॉनिटरिंग करें और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करें।
आयुक्त श्री उर्वशा ने यह भी निर्देश दिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत सभी आवश्यक दस्तावेज, फोटो अपलोडिंग एवं डेटा एंट्री कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि बीरगांव नगर निगम को बेहतर रैंकिंग प्राप्त हो सके।
बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड प्रभारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मिलकर बीरगांव को स्वच्छता में अग्रणी बनाने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts