छत्तीसगढ़दुर्ग

दुर्ग में कारोबारी से 15 करोड़ की फिरौती मांगने का मामला, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर परिवार को हत्या की धमकी; घर के बाहर पुलिस तैनात

दुर्ग (विश्व परिवार)। जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक कारोबारी को 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और परिवार के सदस्य की हत्या की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेडिकल उपकरणों के सप्लायर, मोक्षित कॉर्पोरेशन संचालक और दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा को अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने धमकाया है। कॉलर ने चेतावनी दी है कि यदि 15 करोड़ रुपए की रकम नहीं दी गई तो परिवार के एक सदस्य को जान से मार दिया जाएगा।
पूरा मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र का है। अचानक मिली इस धमकी से कारोबारी और उनका परिवार दहशत में आ गया है। धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने तत्काल थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने कारोबारी के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से कारोबारी के घर के बाहर पुलिस बल तैनात है।
अज्ञात कॉलर की पहचान करने में जुटी पुलिस
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि धमकी देने वाले अज्ञात कॉलर की पहचान करने में पुलिस जुटी है। संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस इस एंगल से भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी का वास्तव में किसी संगठित गिरोह से संबंध है या फिर गैंग का नाम इस्तेमाल कर कारोबारी को डराने और फिरौती वसूलने की कोशिश की गई है। फिलहाल इस घटना से दुर्ग के कारोबारी जगत में चिंता और दहशत का माहौल है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts