- विवेक सारस्वत बने प्रदेश अध्यक्ष, गोपाल कृष्ण तावनिया महासचिव निर्वाचित
दुर्ग (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल का राज्य स्तरीय अधिवेशन एवं वार्षिक आम सभा दुर्ग में सफलतापूर्वक संपन्न हुई । कार्यक्रम में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, जगदलपुर, अंबिकापुर, कोरबा, रायगढ़ और जांजगीर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए), कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (सीएमए) एवं कर सलाहकारों ने भाग लिया ।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सतीश अग्रवाल उपस्थित रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता मूलचंद जैन ने की, जबकि तकनीकी सत्र की अध्यक्षता राजेश्वर राव ने की ।
तकनीकी सत्र में जीएसटी से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की गई । अधिवक्ता संजय शर्मा ने जीएसटी अधिनियम-2017 के प्रावधानों, निरीक्षण, तलाशी और जब्ती से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं की जानकारी प्रतिभागियों को दी ।

अधिवेशन के बाद छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के वर्ष 2026-28 के लिए चुनाव शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए । चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी मूलचंद जैन, सुरेश लाल, अशोक अग्रवाल एवं लढ्ढा ने किया ।
चुनाव परिणामों के अनुसार रायगढ़ के अधिवक्ता विवेक सारस्वत प्रदेश अध्यक्ष तथा रायपुर के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण तावनिया प्रदेश महासचिव निर्वाचित हुए ।

अन्य निर्वाचित पदाधिकारियों में कमल किशोर साहू, राजेश दीवान और महेंद्र पंसारी उपाध्यक्ष, दुर्गा शंकर साहू कोषाध्यक्ष, सतीश अग्रवाल एवं सत्य प्रकाश मिश्रा सहसचिव, भरत अम्बवानी प्रचार सचिव तथा सीए अरविंद चंद सुराना अंकेक्षक निर्वाचित हुए ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं के लिए अखिलेश मिश्रा, शिव सोनी एवं दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन की विशेष सराहना की गई । आयोजन में उपस्थित सदस्यों ने इसे ज्ञानवर्धक, उपयोगी और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया ।







