छत्तीसगढ़रायपुर

विजय शर्मा के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, बोली- चुनाव आयोग की तरफ से बयान देने वाले वे कौन होते हैं?

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में एसआईआर के बाद चुनाव आयोग द्वारा शुरू की गई एसएसआर की प्रक्रिया में सभी से सकारात्मक सहयोग करने की उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की बात कांग्रेस को चुभ गई है. कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने उप मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि विजय शर्मा सरकार के मंत्री हैं, या चुनाव आयोग के प्रवक्ता? किस हैसियत से वे बयान देते हैं. कांग्रेस को नसीहत देने के बजाय अपने गिरेबान में झाकें।
कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ-साथ चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर तीखा हमला जारी रखते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर देश के 13 करोड़ लोगों का वोट काटा है. छत्तीसगढ़ से भी 25 लाख लोगों का वोट काटा गया है. भाजपा को इसका जवाब देना पड़ेगा. विजय शर्मा कांग्रेस को नसीहत ना दें. वोट चोरी के खिलाफ आगे भी लड़ाई जारी रहेगी. आखिर विजय शर्मा होते कौन हैं, चुनाव आयोग की तरफ से बयान देने वाले।
जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा को घेरा
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ आगमन पर कहा कि भाजपा इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रही है. इसी भाजपा ने विश्व आदिवासी दिवस का विरोध किया था. भाजपा सरकार बनने के बाद से आदिवासियों के हक छीनने की कोशिश की जा रही है. आदिवासियों को प्रलोभन देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज भाजपा से नाराज है. नितिन नबीन बताएं कि डबल इंजन की सरकार से छत्तीसगढ़ को क्या फायदा हुआ? धान खरीदी 15 दिन देरी से शुरू की जा रही है. पिछले साल का धान अब तक खुले में पड़ा हुआ है. आखिर डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद प्रदेश को क्या लाभ मिला?
महादेव एप को पीएमओ से मिल रहा संरक्षण
सौरभ चंद्राकर की कोर्ट में पेशी के साथ भाजपा नेताओं के महादेव एप को लेकर दिए गए बयान पर सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा को महादेव एप के मामले में बोलने का कोई अधिकार नहीं है. विधानसभा चुनाव के समय झूठ और प्रपंच करके सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई थी. सरकार में आने के बाद सत्ता का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई. पिछले तीन साल से डबल इंजन की सरकार महादेव एप को बंद क्यों नहीं कर पा रही है?
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद भी महादेव एप का संचालन जारी है, महादेव एप को संरक्षण देने का काम पीएमओ ने किया. पीएमओ का आधिकारिक संरक्षण कैसे और कब बंद हुआ? सौरभ चंद्राकर को भारत लाने में इतनी देरी क्यों हुई? भाजपा कुछ भी बोलती है तो झूठ बोलती है. सौरभ चंद्राकर को भी डील के तहत भारत लाया गया है।
सरकार हठधर्मिता छोड़ पटवारियों से करे बात
धान खरीदी और पटवारियों की हड़ताल को लेकर कांग्रेस संचार प्रमुख ने कहा कि पटवारियों की हड़ताल सरकार चाहे तो एक घंटे में समाप्त हो सकती है. पहले पटवारियों को बर्खास्त करने का भय दिखाया गया. कई पटवारियों को निलंबित किया गया, एस्मा लगाने की बात कही गई, लेकिन सरकार की ओर से ठोस बातचीत का प्रयास नहीं किया गया. धान खरीदी सरकार का सबसे बड़ा उत्सव है. धान खरीदी से पहले पटवारियों की हड़ताल से खरीदी प्रभावित हो सकती है. सरकार को हठधर्मिता छोड़कर पटवारियों की हड़ताल समाप्त कराने की पहल करनी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts