बिलासपुर (विश्व परिवार)। पुलिस यूनिफॉर्म में सोशल मीडिया पर रील बनाकर वायरल होने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मस्तूरी थाना में पदस्थ आरक्षक देवांद्र केंवट को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, आरक्षक द्वारा पुलिस वर्दी का दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो (रील) बनाना अनुशासनहीन आचरण माना गया है, जो विभागीय नियमों और मानकों के विपरीत है। मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आरक्षक को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र, बिलासपुर संबद्ध किया जाता है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए यह संदेश दिया है कि वर्दी की गरिमा से समझौता करने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।








