रायपुर (विश्व परिवार)। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (MMTTC) के तत्वावधान में उच्च शिक्षा के प्राध्यापकों के लिए “एप्लिकेशन ऑफ मैथमैटिक्स” थीम पर आधारित वर्चुअल रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन 16 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसमें 18 राज्यों के 140 से अधिक सहायक प्राध्यापक एवं प्रतिभागी शामिल हुए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में रिफ्रेशर कोर्स की कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. दीप्ति ठाकुर ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और कोर्स की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान गणित के व्यावहारिक पहलुओं के साथ विभिन्न आधुनिक क्षेत्रों में इसके अनुप्रयोगों पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद MMTTC की डायरेक्टर प्रो. प्रीति के. सुरेश ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रिफ्रेशर कोर्स की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागी शिक्षकों से वर्चुअल कार्यक्रम के तकनीकी सत्रों का अधिकतम लाभ उठाने और गणित की आधुनिक एवं व्यावहारिक शिक्षण पद्धतियों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. एम. के. देब ने मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने भारत सहित विश्व के प्राचीन गणितज्ञों के योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि प्राचीन गणितीय सिद्धांत आज के आधुनिक दौर में भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, चिकित्सा विज्ञान, केमिस्ट्री और कंप्यूटर साइंस सहित विभिन्न क्षेत्रों में गणित के व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में MMTTC कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. अरविन्द अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कोर्स के सफल संचालन के लिए कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल, मुख्य अतिथि, MMTTC डायरेक्टर, कोर्स कोऑर्डिनेटर, तकनीकी टीम तथा देशभर से जुड़े सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






