रायपुर (विश्व परिवार)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय, रायपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत आज महाविद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों में प्रकृति एवं मातृत्व के प्रति सम्मान एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि आशा काशीव द्वारा पौधारोपण कर किया गया। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की भावना के अनुरूप उनके द्वारा लगाए गए प्रथम पौधे ने कार्यक्रम को विशेष भावनात्मक एवं प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया। इसके पश्चात अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा अपनी माताओं के सम्मान में पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि महाविद्यालय, रायपुर के सौंदर्यीकरण प्रभारी डॉ. हेमंत कुमार पाणिग्रही के मार्गदर्शन एवं सहयोग से महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का सुव्यवस्थित रोपण किया गया तथा पौधों के संरक्षण एवं परिसर के हरित विकास हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना, कृषि महाविद्यालय, रायपुर के कार्यक्रम अधिकारी (छात्र इकाई) डॉ. राम कुमार ठाकुर एवं कार्यक्रम अधिकारी (छात्रा इकाई) डॉ. पायल जायसवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। अंत में सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।







