छत्तीसगढ़जगदलपुर 

बस्तर में मुआवजे के लिए किसानों का बड़ा ऐलान, 11 दिसंबर को नेशनल हाईवे पर करेंगे चक्काजाम; मांगा ₹65,100 प्रति एकड़ मुआवजा

जगदलपुर (विश्व परिवार)। बस्तर में प्राकृतिक आपदा ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया, लेकिन फसल बर्बादी के बाद मुआवजे का इंतजार अब किसानों के सब्र का इम्तिहान बनता जा रहा है। ज्ञापन सौंपा, प्रशासन को समय दिया और शासन तक अपनी मांग पहुंचने का इंतजार भी किया, लेकिन किसानों का कहना है कि अब तक उन्हें कोई ठोस राहत नहीं मिली है। लिहाजा अब किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरने का फैसला कर लिया है।
किसान संघर्ष समिति की बैठक में 11 दिसंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करने का ऐलान किया गया। किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक उन्हें प्रति एकड़ 65 हजार 100 रुपये का मुआवजा नहीं मिलता, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा।
अतिवृष्टि और बाढ़ से हजारों किसानों की फसलें बर्बाद
दरअसल बस्तर में अतिवृष्टि और बाढ़ से हजारों किसानों की फसलें बर्बाद हुईं। खेतों में खड़ी धान, मक्का और सब्जियों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। प्रभावित किसानों ने नुकसान की भरपाई के लिए शासन-प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी और 6 नवंबर तारीख को ज्ञापन भी सौंपा, लेकिन किसानों का आरोप है कि ज्ञापन को शासन तक भेजने की बात कहकर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई, जबकि जमीन पर अब तक राहत के नाम पर कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। इसी नाराजगी के बीच पीड़ित किसानों और समिति की बैठक हुई, जिसमें अब आंदोलन को निर्णायक मोड़ देने का फैसला लिया गया।
मांग पूरी होते तक जारी रहेगा किसानों का धरना
किसानों ने 11 तारीख को राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं, किसानों ने अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी देते हुए कहा है कि जरूरत पड़ी तो सड़क पर ही भोजन बनेगा और वहीं रात गुजरेगी, लेकिन मुआवजे की मांग पूरी हुए बिना आंदोलन समाप्त नहीं होगा। इस आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए बेलगांव, बजावड़, भेजापदर, बोदरा, नारायणपाल सहित नारंगी नदी से प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को भी एकजुट किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि यह किसी एक गांव या क्षेत्र का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे बस्तर के प्रभावित किसानों की लड़ाई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts