छत्तीसगढ़महासमुंद

केलों की आड़ में गांजा तस्करी नाकाम: 9 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद (विश्व परिवार)। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ट्रक से केलों के बीच गांजा तस्करी करते झारखंड के आरोपी को गिरफ्तार किया है। ट्रक से 912.760 किलोग्राम (लगभग 9 क्विंटल 12 किलो) गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई में गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन समेत कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक वाहन के जरिए गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर बसना थाना क्षेत्र में पलसापाली बैरियर के पास नाकाबंदी कर एक ट्रक आईशर प्रो 2059 वाहन (AP 39 TT 4556) को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में लदे केले के बीच 29 बोरियों में छिपाकर गांजा रखा गया था। पुलिस ने मौके से सभी बोरियों को जब्त किया।
फर्जी नंबर प्लेट से गुमराह करने की कोशिश
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए वाहन में ओडिशा और उत्तरप्रदेश के फर्जी नंबर प्लेट (OD 02 DJ 8517 और UP 93 CT 8365) भी लगा रखे थे, जिन्हें भी जब्त किया गया है। मामले में पुलिस ने झारखंड निवासी आरोपी अब्दुल नईम (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा से लाकर उत्तरप्रदेश सप्लाई किया जाना था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप
महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में 72 मामलों में 5629.602 किलो गांजा जब्त किया गया है और 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 135 आरोपी अन्य राज्यों के हैं। पुलिस द्वारा तस्करी के नेटवर्क, सोर्स और डेस्टिनेशन पॉइंट पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts