जशपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। कुनकुरी थाना क्षेत्र में कच्चा आम से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन ओडिशा से कच्चा आम लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान खारीझाड़िया स्थित श्रीनदी पुलिया के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कुनकुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रीनदी पुलिया काफी सकरी है, जिसके चलते यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। लोगों ने पुलिया के चौड़ीकरण और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
सड़क हादसों से बचने के लिए बरतें सावधानी
- बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें
- चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं
- नींद आने पर ड्राइविंग से बचें
- यातायात नियमों का पालन करें








