छत्तीसगढ़मुंगेली 

एल्डरमैन बनते ही नगर पंचायत पहुंचे तीनों कार्यकर्ता, दंडवत प्रणाम कर किया पदभार का सम्मान

मुंगेली (विश्व परिवार)। नगर पंचायत जरहागांव में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर भारतीय जनता पार्टी के फैसले ने जिले की राजनीति में अलग संदेश दिया है. पार्टी ने इस बार किसी बड़े या चर्चित चेहरे के बजाय वर्षों से संगठन के लिए निस्वार्थ भाव से काम करने वाले सतीश मशीह, महावीर यादव और चंद्रकांत वैष्णव को एल्डरमैन नियुक्त किया है. इस नियुक्ति में सबसे अधिक चर्चा सतीश मशीह की हो रही है, जो जनसंघ के वक्त से पार्टी की विचारधारा से जुड़े हुए हैं. इन नामों की पहले कोई चर्चा नहीं थी, इसलिए नियुक्ति सूची सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया. संगठन के इस फैसले को जमीनी और समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है, जिन्होंने वर्षों तक बिना किसी पद या व्यक्तिगत अपेक्षा के पार्टी की मजबूती के लिए काम किया।
दर्री बिछाने से लेकर पार्टी का झंडा उठाने तक
महावीर यादव और चंद्रकांत वैष्णव की नियुक्ति ने भी जमीनी कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है. इन दोनों ने बताया कि हमेशा मंच से दूर रहकर पार्टी की मजबूती के लिए काम किया. उन्होंने दर्री बिछाने से लेकर पार्टी का झंडा उठाने का काम किया है. भाजपा के भीतर इन दोनों की पहचान मेहनती, अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं के रूप में रही है. यही वजह है कि उनकी नियुक्ति को संगठन द्वारा जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद बीती रात जब तीनों नव-नियुक्त एल्डरमैन पहली बार नगर पंचायत जरहागांव पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद भावुक और आस्था से भरा हुआ था. तीनों ने नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर सबसे पहले दंडवत होकर परिसर को प्रणाम किया. इसके बाद विधि-विधान के साथ श्रीफल फोड़कर नगर पंचायत कार्यालय में प्रवेश किया. इस दौरान मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रीफल भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया. परिसर में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भाजपा जिंदाबाद के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन के इस फैसले ने एक बड़ा संदेश दिया है कि पार्टी में केवल बड़े पदाधिकारी या प्रभावशाली चेहरे ही नहीं, बल्कि वर्षों तक चुपचाप संगठन के लिए पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं का भी सम्मान होता है. उनका कहना है कि इससे उन हजारों कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा, जो बिना किसी अपेक्षा के पार्टी के लिए निरंतर कार्य करते हैं.राजनीतिक जानकार भी इस नियुक्ति को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रहे हैं. उनका कहना है कि भाजपा ने इस फैसले के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की है कि संगठन में समर्पण, निष्ठा और वर्षों की मेहनत का मूल्यांकन होता है. ऐसे फैसले भविष्य में अन्य कार्यकर्ताओं को भी संगठन के प्रति और अधिक सक्रियता से काम करने के लिए प्रेरित करेंगे।
अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तीनों नव-नियुक्त एल्डरमैन अपनी नई भूमिका में नगर पंचायत के विकास, जनहित के कार्यों और स्थानीय समस्याओं के समाधान में किस प्रकार की सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts