छत्तीसगढ़बीजापुर

बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, माओवादियों के 3 डंप से 136 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर बरामद

बीजापुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों के छिपाकर रखे गए तीन डंप बरामद किए हैं। इनमें 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है।
पामेड़ क्षेत्र में 103 बीजीएल सेल बरामद
जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में डीआरजी, डॉग स्क्वाड (K-9) और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी।
सर्चिंग के दौरान संदिग्ध स्थानों की पहचान कर डॉग स्क्वाड की मदद से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप को बरामद किया गया। यहां से 103 नग बीजीएल सेल सहित अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
गंगालूर में दो डंप से भारी मात्रा में सामग्री जब्त
वहीं, थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सीआरपीएफ 199वीं बटालियन, कोबरा 204 बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल थी। सर्चिंग के दौरान दो माओवादी डंप बरामद किए गए। इनसे 33 नग बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
दोनों थानों में वैधानिक कार्रवाई
सुरक्षा बलों ने खुफिया आसूचना के आधार पर यह संयुक्त अभियान संचालित किया था। बरामद बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री के संबंध में थाना पामेड़ एवं थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts